मंदिर चोरी और इंडस टावर केबल चोरी का खुलासा, 2-2 कुल 4 आरोपी गिरफ्तार

Uncategorized

आजमगढ़। जनपद पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों का सफल खुलासा करते हुए कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक मामले में बरूआ बाबा मंदिर से चोरी गए सामान की बरामदगी हुई, जबकि दूसरे मामले में इंडस टावर से चोरी किए गए केबल और वारदात में प्रयुक्त औजार बरामद किए गए हैं।
बरूआ बाबा मंदिर चोरी का खुलासा कोतवाली थाना क्षेत्र के आगापुर स्थित बरूआ बाबा मंदिर में 20 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर पीतल के घड़े, घंटा, साउंड सिस्टम, दानपेटी की नकदी सहित अन्य सामान चोरी कर लिया था। पुलिस ने जांच के दौरान 5 अगस्त की रात हाफिजपुर से विजय चौहान और चोरी का सामान खरीदने वाले अशोक कुमार पटेल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में विजय ने मंदिर से चोरी करना स्वीकार किया और बताया कि उसने चोरी का सामान मात्र ₹1,500 में बेच दिया था। पुलिस ने चोरी किया गया घंटा और अन्य सामान बरामद कर दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया।
इंडस टावर से केबल चोरी करने वाले भी गिरफ्तार वहीं सिधारी थाना पुलिस ने इंडस टावर, छतवारा से अर्थिंग और पावर केबल चोरी करने वाले दो आरोपियों आरिफ और राकेश सोनकर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया केबल, प्लास, कटर, आरी, पेचकस और अन्य औजार बरामद किए। इस मामले में इंडस टावर की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे के आधार पर कार्रवाई की गई।
दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत इन दोनों मामलों का सफल अनावरण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *