सकरे पुल पर आमने-सामने भिड़ीं दो कारें, बाल-बाल बचे सवार, 7 साल से अधूरा पड़ा कयाड नदी पुल का निर्माण, हादसों के बावजूद विभाग बेखबर

Uncategorized

आजमगढ़ पटवध से बबलू राय: आजमगढ़ के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के पटवध कौतुक स्थित कयाड नदी के सकरे पुल पर सोमवार की शाम बारिश के दौरान दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि संयोग अच्छा रहा कि दोनों कारों में सवार लोग बाल-बाल बच गए। दुर्घटना के बाद पुल पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा।
जानकारी के अनुसार स्विफ्ट डिजायर कार आजमगढ़ की ओर से बिलरियागंज जा रही थी। कार में रायबरेली जनपद के भदोखर निवासी आशीष कुमार सिंह (45) पुत्र विनोद सिंह सवार थे। इसी दौरान बिलरियागंज की ओर से इंडिगो कार आजमगढ़ की तरफ आ रही थी। उसमें मुकेरीगंज, थाना कोतवाली आजमगढ़ निवासी मोहम्मद शोएब पुत्र नूरुल हसन समेत दो अन्य लोग सवार थे।
बताया गया कि दोनों कारें जैसे ही कयाड नदी के सकरे पुल पर पहुंचीं, उसी दौरान आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के समय बारिश भी हो रही थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारों के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि किसी भी कार सवार को गंभीर चोट नहीं आई।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क के किनारे कराया गया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।
स्थानीय लोगों के अनुसार कयाड नदी का यह पुल लंबे समय से परेशानी का कारण बना हुआ है। पुल सकरा होने के कारण दो बड़े वाहनों के आमने-सामने आने पर अक्सर दुर्घटना की स्थिति बन जाती है। लोगों का कहना है कि नए पुल के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुए करीब सात वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक निर्माण पूरा नहीं हो सका है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुल की स्थिति के कारण यहां आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं। कई दुर्घटनाओं में लोगों की जान भी जा चुकी है। इसके बावजूद नए पुल का निर्माण अब तक पूरा न होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि आखिर जिम्मेदार विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों कर रहा है। लोगों ने कयाड नदी पर नए पुल का निर्माण जल्द पूरा कराने के साथ ही निर्माण पूरा होने तक पुराने सकरे पुल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *