सरकारी भूमि पर कब्जे के विरोध में पैरवी करने वाले वकील और पिता पर धारदार हथियार और लाठी डंडे से हमले का मामला, निवर्तमान प्रधान समेत 5 आरोपी गिरफ्तार; लाठी और लोहे की रॉड बरामद

Uncategorized

आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर दो लोगों पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो लाठियां और एक लोहे की रॉड भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई को टेल्हुआ चकवली गांव निवासी मालती देवी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि जमीनी विवाद के चलते विपक्षी पक्ष ने उनके 75 वर्षीय पति गरीब यादव और 35 वर्षीय पुत्र रामअशीष यादव पर एकराय होकर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत जहानागंज पुलिस ने 15 जुलाई की रात करीब 1:05 बजे थाना परिसर से निवर्तमान प्रधान केदारनाथ यादव, रामअधार यादव, सर्वेश उर्फ फिरींगी, अनिल उर्फ रामविलास और अवधेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर दो लाठियां और एक लोहे की रॉड बरामद की गई।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में दर्ज मुकदमे में आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *