भाकपा की जिला कौंसिल बैठक में सरकार की नीतियों पर हमला, किसान-मजदूरों के मुद्दों पर आंदोलन तेज करने का निर्णय

Uncategorized

निजामाबाद। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) जिला कौंसिल की एक दिवसीय बैठक मंगलवार को निजामाबाद तहसील स्थित पार्टी कैंप कार्यालय में गंगादीन की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पूर्व विधायक इम्तेयाज अहमद और राज्य सचिव मंडल सदस्य हामिद अली पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे।
पार्टी जिला सचिव जितेंद्र हरि पाण्डेय की रिपोर्ट पर 25 सदस्यों ने चर्चा में भाग लिया। रिपोर्ट प्रस्तुत किए जाने से पहले पूर्व विधायक इम्तेयाज अहमद ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों पर जनविरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक, मजदूर, किसान और आम जनता की स्थिति खराब हुई है। आरोप लगाया कि जाति और धर्म के मुद्दों को उभारकर लोगों को बांटने के बाद अब एसआईआर के माध्यम से लोकतांत्रिक वोट के अधिकार को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।
राज्य सचिव मंडल सदस्य हामिद अली ने कहा कि किसानों और मजदूरों के सवालों को लेकर उत्तर प्रदेश किसान सभा की ओर से सात अक्टूबर को लखनऊ में विधानसभा मार्च किया जाएगा। इसमें आजमगढ़ से भी पार्टी के किसान और मजदूर कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि पार्टी को और गतिशील बनाने के लिए 18 अक्टूबर को आजमगढ़ में जिला मंत्री परिषद और कार्यकारिणी की विशेष बैठक आयोजित कर आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी।
जिला सचिव जितेंद्र हरि पाण्डेय ने पार्टी की ओर से निर्धारित कार्यक्रमों के लक्ष्यों को पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि सात नवंबर को अक्टूबर क्रांति दिवस के अवसर पर आजमगढ़ रिक्शा स्टैंड पर विशाल सभा आयोजित की जाएगी। वहीं पार्टी के राष्ट्रीय अभियान के तहत एक से तीन दिसंबर तक जेल भरो आंदोलन चलाया जाएगा, जिसमें आजमगढ़ में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता गिरफ्तारी देंगे।
उत्तर प्रदेश किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष इम्तेयाज बेग ने कार्यकर्ताओं से लखनऊ में प्रस्तावित किसान विधानसभा मार्च को सफल बनाने की अपील की। बैठक में श्यामा शर्मा, हरिगेन राम, मंगलदेव यादव, हीरालाल चौहान, रामाज्ञा यादव, मुजम्मिल जाहिद अली, चंद्रमोहन यादव, मखडू राजभर, केदार, अशोक कुमार यादव, अशोक राय, शाहनवाज और राम भुवाल समेत अन्य लोगों ने अपने विचार रखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *