दारोगा भर्ती परीक्षा 14 और 15 मार्च को लेकर शहर में रूट डायवर्जन, कई मार्गों पर भारी वाहनों की नो-एंट्री

Uncategorized

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश उप निरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा 2025–26 को सकुशल संपन्न कराने और शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने दो दिन के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है। यह व्यवस्था 14 और 15 मार्च को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर तीन पहिया, चार पहिया और मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
जारी प्रेस नोट के अनुसार शंकर तिराहा से चौक चौराहा होते हुए पुरानी कोतवाली और पहाड़पुर तिराहा की ओर जाने वाले तीन पहिया, चार पहिया और मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसी प्रकार पहाड़पुर तिराहा से पुरानी कोतवाली, चौक चौराहा होते हुए शंकर तिराहा और बड़ादेव की ओर जाने वाले वाहनों का आवागमन भी बंद रहेगा।
इसके अलावा काली चौरा से कोट चौराहा होते हुए हर्रा की चुंगी तथा हर्रा की चुंगी से कोट चौराहा होते हुए काली चौरा की ओर जाने वाले चार पहिया और मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
पाण्डेय बाजार से पुरानी सब्जी मंडी, लाल डिग्गी, शंकर तिराहा और बड़ादेव की ओर जाने वाले चार पहिया व मालवाहक वाहन भी प्रतिबंधित रहेंगे। वहीं बड़ादेव, शंकर तिराहा, लाल डिग्गी और पुरानी सब्जी मंडी से पाण्डेय बाजार की ओर आने वाले वाहनों का प्रवेश भी बंद रहेगा।
यातायात पुलिस के अनुसार करतालपुर तिराहा से ब्रह्मस्थान, पाण्डेय बाजार और पहाड़पुर की ओर भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगाई गई है। इसके साथ ही मऊ रोड स्थित शंकर तिराहा से सिधारी पुल की ओर भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, जिससे भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *