
बरदह, आजमगढ़। स्थानीय थाना क्षेत्र के इसहाकपुर गांव में विवादित पुश्तैनी जमीन पर निर्माण कार्य कराने को लेकर सोमवार को विवाद हो गया। पीड़ित पक्ष ने मनबाश यादव और मुड़हर गांव निवासी लालू यादव समेत कई लोगों पर जबरन निर्माण कराने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर एसडीएम मार्टिनगंज बलराम गुप्ता ने निर्माण कार्य रुकवा दिया और मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
इसहाकपुर गांव निवासी मोहम्मद शाकिब खान पुत्र स्व. गामिन ने सोमवार को एसडीएम को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर बताया कि गाटा संख्या 155 की पुश्तैनी जमीन परिवार के कई सदस्यों के नाम वर्तमान खतौनी में दर्ज है। इस जमीन को लेकर दीवानी न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। आरोप है कि सोमवार को राजस्व कर्मचारी मनोज यादव की मिलीभगत से मनबाश यादव पुत्र स्व. राम आधार, मेराज पुत्र स्व. इकबाल, शकील निवासी नुवावा और गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मुड़हर गांव निवासी लालू यादव समेत अन्य लोग मजदूरों से विवादित जमीन पर निर्माण करा रहे थे।
शाकिब खान का आरोप है कि निर्माण कार्य का विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने बताया कि मनबाश यादव द्वारा पूर्व में भी पुश्तैनी जमीन पर निर्माण कर बाउंड्रीवाल बनाई गई थी, जो करीब 20 दिन पहले बारिश में गिर गई थी। अब दोबारा जबरन निर्माण कराया जा रहा था। पीड़ित ने लालू यादव को गंभीरपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर बताते हुए मौके पर मौजूद होने का आरोप भी लगाया।
पीड़ित का कहना है कि परिवार के कई सदस्य मुंबई गए हुए हैं। इस बीच स्थानीय पुलिस तीन लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंच गई। एसडीएम बलराम गुप्ता ने बताया कि निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है। बरदह थाना प्रभारी और राजस्व कर्मचारी को मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
