बिहार से सीमेंट लेकर आजमगढ़ पहुंचा ट्रक मंडी के पास से चोरी, नहीं मिला सुराग, पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी

Uncategorized

आजमगढ़। बिहार के भभुआ से सीमेंट लादकर आजमगढ़ पहुंचे ट्रक को चोरों ने बेलईसा मंडी के पास से पार कर दिया। ट्रक के चालक/स्वामी की ओर से काफी तलाश किए जाने के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो रानी की सराय थाने में तहरीर दी गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर ट्रक की तलाश शुरू कर दी है।
रानी की सराय थाना क्षेत्र के कोटवा गांव निवासी ललई यादव पुत्र राम सकल यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बिहार के भभुआ से एसीसी सीमेंट लादकर ट्रक आजमगढ़ आया था। 9 अगस्त को ट्रक बेलईसा मंडी के पास खड़ा किया गया था। इसके बाद 21 अगस्त को जब ट्रक के बारे में जानकारी की गई तो वह मौके से गायब मिला।
ट्रक के चोरी होने की जानकारी होने के बाद ललई यादव ने आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की और संभावित स्थानों पर पता लगाया, लेकिन ट्रक का कोई सुराग नहीं मिला। काफी प्रयास के बाद भी ट्रक का पता नहीं चलने पर उन्होंने रानी की सराय थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।
तहरीर के आधार पर रानी की सराय थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य माध्यमों से ट्रक का पता लगाने के साथ ही चोरी की घटना में शामिल आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *