
आजमगढ़। दीदारगंज थाना क्षेत्र के बिछियापुर गांव के पास शारदा सहायक खंड-32 रजवाहा नहर में सोमवार को सफाई कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नहर की गहराई का सीमांकन करते समय लोहे की पाइप में 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार से करंट उतरने के कारण 35 वर्षीय मजदूर झुलस गया। स्थानीय लोग उसे उपचार के लिए जौनपुर ले गए, जहां देर शाम चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान सूरहन गांव निवासी शाहहंसा पुत्र राम आधार के रूप में हुई। बताया जाता है कि गांव के दैनिक सिंह उर्फ चुन्नू तीन अन्य मजदूरों को लेकर नहर में मजदूरी कराने गए थे। ठेकेदार की ओर से नहर की साफ-सफाई का काम जेसीबी और पोकलेन मशीन से कराया जा रहा था। इसी दौरान नहर की गहराई का सीमांकन करने के लिए कैमरा यंत्र के साथ लोहे की पाइप का इस्तेमाल किया जा रहा था। कर्मचारी ने शाहहंसा को पाइप दाएं-बाएं करने और ऊपर उठाने के लिए कहा। इसी दौरान पाइप ऊपर उठाते समय वह ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार के संपर्क में आ गई। करंट उतरने से शाहहंसा गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद स्थानीय लोग उसे तत्काल उपचार के लिए जौनपुर ले गए, लेकिन देर शाम उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन शव घर लेकर पहुंचे और ठेकेदार को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। सूचना पर मार्टिनगंज पुलिस चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके परिवार में पत्नी रबीना, मां चनवता देवी और चार वर्षीय पुत्री लाड़ी है। घटना के बाद पत्नी और मां समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने बताया कि अभी मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
