जमीन बंटवारे का विवाद बना बवाल, दो पक्षों में जमकर हंगामा; जहानागंज पुलिस ने 16 लोगों को किया गिरफ्तार

Uncategorized

आजमगढ़। जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र के ग्राम ताड़ी में गुरुवार को जमीन बंटवारे और पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आपस में मारपीट और हंगामे पर उतारू हो गए। गांव में तनावपूर्ण स्थिति पैदा होने की सूचना पर मौके पर पहुंची जहानागंज पुलिस ने हालात को नियंत्रित किया और शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में दोनों पक्षों के कुल 16 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम ताड़ी में लंबे समय से जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चला आ रहा था। गुरुवार को इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे उग्र विवाद में बदल गई। मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही थाना जहानागंज पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग शांत होने को तैयार नहीं हुए।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल 16 लोगों को हिरासत में ले लिया। सभी के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें एसडीएम सदर न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया।
गिरफ्तार किए गए लोगों में प्रथम पक्ष से पवन राजभर, संध्या राजभर, रिंकू राजभर, पूनम राजभर, पिंकी राजभर, रिंकी राजभर, मुन्नी देवी, सुनील राजभर और रविन्द्र राजभर शामिल हैं। वहीं दूसरे पक्ष से अमलेश राजभर, विजई राजभर, कुसुम राजभर, अमीन राजभर, मालती देवी, लक्ष्मीना देवी और कमलेश राजभर को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी ग्राम ताड़ी थाना जहानागंज जनपद आजमगढ़ के निवासी बताए गए हैं।
पूरी कार्रवाई उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह एवं उनकी पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *