
आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र में पशु चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान अंतरजनपदीय शातिर पशु चोर दिलशाद उर्फ दिलशान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी है। उसके कब्जे से चोरी की तीन भैंस, एक बकरी, अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आजमगढ़ समेत सात जिलों में पशु चोरी, गोवध, लूट, डकैती और अन्य संगीन अपराधों के कुल 22 मुकदमे दर्ज हैं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सरायमीर पुलिस सात-आठ नवंबर की रात गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि पिकअप सवार दो शातिर पशु चोर चोरी के पशुओं को लेकर सिकरौर और मार्टिनगंज होते हुए जौनपुर के मड़ियाहूं पशु बाजार जा रहे हैं। पुलिस ने ग्राम नोनारी के पास संदिग्ध पिकअप को रोकने का प्रयास किया तो चालक बैरियर तोड़कर भागने लगा।
