दुकान का शटर तोड़कर कपड़े चोरी करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, छह बोरियों में चोरी का माल बरामद

Uncategorized

अतरौलिया थाना क्षेत्र के मडोही गांव निवासी अमित कुमार की अतरौलिया रोडवेज के पास एसकेएफ फैशन गारमेंट्स नाम से दुकान है। दुकानदार ने 5 नवंबर को पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 4 नवंबर की रात अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर रेडीमेड कपड़े और नकदी चोरी कर ली थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
शुक्रवार सुबह उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह और उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मामले में प्रकाश में आए चार आरोपियों को ग्राम सेल्हरापट्टी अंडरपास के पास से सुबह करीब 7:35 बजे गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही और कब्जे से चोरी किए गए कपड़े छह प्लास्टिक की बोरियों में बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोशन (22) निवासी कस्बा अतरौलिया, अंकित (19) निवासी कौरीपुरा डीभियाऊ थाना जलालपुर, अनुराग गौड़ (19) निवासी महादेवपुर थाना अतरौलिया और सचिन निषाद (करीब 21) निवासी करीमनगर थाना कटका, जनपद अंबेडकरनगर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार बरामद सामान में 171 जींस पैंट, 139 शर्ट, 97 टी-शर्ट, 30 टॉप, छह स्वेटर और 16 हैंगर शामिल हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार आरोपी रोशन के विरुद्ध पूर्व में आबकारी अधिनियम और दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *