






आजमगढ़। थाना मुबारकपुर पुलिस ने ग्राम बम्हौर में प्रतिबंधित पशु के बछड़े की चोरी कर उसका वध कर मांस बेचने वाले दो शातिर अभियुक्तों को पुलिस मुठभेड़ में घायल करके गिरफ्तार किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 अनिल कुमार के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल के पर्यवेक्षण में अपराध और गोतस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता हासिल हुई।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 20/21.03.2026 की रात्रि में अज्ञात व्यक्तियों ने ग्राम बम्हौर में वादी श्रीमती उषा देवी के आम के बाग से बछड़ा चोरी कर उसका वध किया और मांस वहीं फेंक दिया। तहरीर मिलने के बाद थाना मुबारकपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। विवेचना में अभियुक्त इमरान पुत्र मुमताज उर्फ लड्डू उम्र लगभग 28 वर्ष और कासिद पुत्र फरियाद उम्र लगभग 21 वर्ष के नाम सामने आए।
दिनांक 25/26.03.2026 की रात्रि में पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक शशि मौलि पाण्डेय के नेतृत्व में संदिग्धों की तलाश में क्षेत्र में भ्रमणशील थी। मुखबिर की सूचना पर बावन बीघा मैदान, गजहड़ा के पास घेराबंदी की गई। जब पुलिस ने अभियुक्तों को रोकने का प्रयास किया तो वे मोटरसाइकिल से भागने लगे और पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों को घायल कर हिरासत में ले लिया।
घायल अभियुक्तों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर में इलाज के लिए भेजा गया। मुठभेड़ के दौरान दो अवैध तमंचे, दो जिन्दा और दो खोखा कारतूस तथा चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ में पता चला कि अभियुक्त दिन में रेकी कर रात में पशु चोरी और गोवध करते थे और मांस 400-500 रुपये प्रति किलो में बेचकर आर्थिक लाभ उठाते थे।
पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई अपराध और गोतस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मानी जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त: इमरान पुत्र मुमताज उर्फ लड्डू और कासिद पुत्र फरियाद, दोनों ग्राम बम्हौर के निवासी।
