इनवर्टर ठीक करते समय करंट की चपेट में आया युवक, मौत; परिवार में मचा कोहराम

Uncategorized

आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के खोजापुर गांव में शुक्रवार की सुबह घर का इनवर्टर ठीक करते समय एक युवक करंट की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, खोजापुर गांव निवासी महातम यादव (35) मुंबई में लिफ्ट बनाने का काम करते थे। करीब तीन माह पहले वह घर आए थे। शुक्रवार सुबह घर का इनवर्टर खराब होने पर वह उसे ठीक कर रहे थे। इसी दौरान अचानक करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।
परिजन उन्हें तत्काल नरौली के पास स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महातम यादव अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। उनकी असामयिक मौत से परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *