
आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र के कोल्हूखोर गांव में फर्जी दस्तावेज तैयार कर सरकारी नौकरी और पैतृक संपत्ति पर अवैध अधिकार हासिल करने के आरोप में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वादी गौतम ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि उसके पिता की पहली पत्नी की मृत्यु के बाद दूसरी शादी हुई, जिससे उसका जन्म हुआ। आरोप है कि एक व्यक्ति ने फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और परिवार रजिस्टर तैयार कर खुद को उसके पिता का पुत्र दर्शा दिया।
शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपित ने इन कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सरकारी नौकरी का लाभ लेने और संपत्ति पर अधिकार जताने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित के अनुसार, उसने पहले स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में जहानागंज पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) एवं 319(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
