
अतरौलिया (आजमगढ़)। अतरौलिया थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शेरवा गांव निवासी दिनेश उर्फ मधुर निषाद (40) पुत्र रम्मू निषाद के रूप में हुई है। शव अतरैठ बाजार के पास मच्छरहटा स्थित रपटा पुल के निकट मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
परिजनों के अनुसार, दिनेश निषाद मंगलवार सुबह रोज की तरह मजदूरी के लिए घर से निकले थे। उनकी पत्नी आशा ने बताया कि सुबह सुरेश नाम का व्यक्ति घर आया था और सीमेंट उतारने के काम के लिए दिनेश को अपने साथ ले गया। घर से निकलते समय दिनेश ने काम खत्म होने के बाद ससुराल जाने की बात कही थी, लेकिन देर तक घर नहीं लौटे। इसी दौरान अतरैठ बाजार के पास रपटा पुल के निकट उनका शव मिलने की सूचना मिली।
घटना की जानकारी मिलते ही अतरौलिया थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पत्नी ने हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि शव मिलने के समय उनके पति के कपड़े फटे हुए थे और शरीर की स्थिति देखकर ऐसा लग रहा था कि उनकी हत्या कर शव को वहां फेंक दिया गया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
दिनेश निषाद अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और तीन पुत्रियों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में भी शोक और दहशत का माहौल है।
वहीं, अतरौलिया थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि परिजनों की ओर से डूबने की तहरीर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
