किसानों की जमीन पर रातोंरात गाड़े गए 33 हजार वोल्ट के खंभे, बिना सूचना और मुआवजे के काम कराने का आरोप, परेशान किसानों ने DM से लगाई न्याय की गुहार

Uncategorized

आजमगढ़। सिधारी के इटौरा खेमउपुर के कई किसानों की जमीन पर 33 हजार वोल्ट की बिजली लाइन बिछाने के लिए कथित तौर पर रात के अंधेरे में खंभे गाड़े जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग की ओर से न तो उन्हें कोई पूर्व सूचना दी गई और न ही जमीन के उपयोग को लेकर सहमति ली गई। मुआवजे की प्रक्रिया भी पूरी नहीं की गई। इसके बावजूद ट्रैक्टर और जेसीबी की मदद से उनकी जमीनों में खंभे खड़े कर दिए गए।
किसानों का कहना है कि इस तरह खंभे लगाए जाने से उनकी खेती प्रभावित होगी और जमीन की उपयोगिता भी कम हो जाएगी। ग्रामीणों ने पूरे मामले की शिकायत जिलाधिकारी से करते हुए खंभों को हटवाने और निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब जमीन निजी किसानों की है तो बिना उनकी जानकारी और सहमति के वहां बिजली के खंभे कैसे गाड़ दिए गए? उनका कहना है कि जमीन उनकी आजीविका का प्रमुख साधन है और किसी भी परियोजना के नाम पर उनके अधिकारों की अनदेखी नहीं की जा सकती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *