
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को दरियाबाद पुल के पास से दबोचने के बाद गुरुवार को न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, तीन सितंबर 2026 को जलालपुर निवासी कमल दीप पुत्र दीपचन्द ने मुबारकपुर थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी भांजी 28 अगस्त को राखी बांधने के लिए उनके घर आई थी। 31 अगस्त को वह स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी।
परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो जानकारी हुई कि इब्राहिमपुर (भलवरिया) गांव निवासी बृजेश कुमार पुत्र दुर्गविजय उसे रास्ते से बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 0322/2026 के तहत धारा 137(2) और 87 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया था।
मामले में वांछित चल रहे आरोपी बृजेश कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। गुरुवार 24 सितंबर को उपनिरीक्षक रूपम वर्मा ने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी को दरियाबाद पुल के पास से सुबह करीब 11:05 बजे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बृजेश कुमार (23) पुत्र दुर्गविजय, निवासी ग्राम इब्राहिमपुर, थाना मुबारकपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रूपम वर्मा, कांस्टेबल उमेश सिंह और कांस्टेबल उदयनाथ पासवान शामिल रहे।
