बीमार महिला को इलाज का झांसा देकर सोने के कानफूल ठगने वाला गिरफ्तार, जेवर और बाइक बरामद

Uncategorized

आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र में बीमार महिला को उपचार का झांसा देकर उसके सोने के कानफूल ठगने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी किए गए कानफूल की एक जोड़ी बरामद करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली है।
पुलिस के अनुसार, बीते 28 अक्टूबर को अंबेडकरनगर जिले के मालीपुर थाना क्षेत्र के धौरुवा निवासी मोहित शुक्ला (37) अहरौला क्षेत्र के मेहियापार गांव निवासी गुलाबचंद जायसवाल के घर पहुंचा था। वहां उसने पंपिंग सेट देखने के बहाने घर में प्रवेश किया। इस दौरान गुलाबचंद की पत्नी की तबीयत खराब होने का फायदा उठाकर पानी फूंककर पिलाने और उपचार करने का झांसा दिया। इसी बहाने वह महिला के दोनों कानों से सोने के कानफूल (टप्स) उतरवाकर लेकर फरार हो गया।
पीड़ित की तहरीर पर अहरौला थाने में मुकदमा संख्या 345/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4) में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। शुक्रवार 13 नवंबर को उपनिरीक्षक उमाकांत शुक्ला पुलिस टीम और सर्विलांस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मिली सूचना पर पखनपुर तिराहे के पास से सुबह करीब 10:25 बजे मोहित शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान उसके पास से पीली धातु के एक जोड़ी कानफूल बरामद हुए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त होंडा साइन 100 मोटरसाइकिल (नंबर UP45AZ7716) भी कब्जे में ले ली। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक उमाकांत शुक्ला, हेड कांस्टेबल हरिश्चन्द्र भास्कर, सीताराम यादव, कांस्टेबल शिवम कुमार मिश्र तथा सर्विलांस टीम के उपनिरीक्षक सुनील तिवारी और हेड कांस्टेबल बसंत यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *