
आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बिंद्रा बाजार–मेहनगर मार्ग पर मंगरावां रायपुर गांव के पास शनिवार की शाम करीब 7:30 बजे बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने मैजिक चालक को रोककर मारपीट की और 20 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार मेहनगर थाना क्षेत्र के दरगाह मेहनगर गांव निवासी सहलीम पुत्र आरिफ मैजिक गाड़ी लेकर मुहम्मदपुर गया था। वहां से घर लौटते समय मंगरावां रायपुर स्थित पवन फिलिंग स्टेशन के पास पीछे से एक बाइक पर सवार होकर आए तीन युवकों ने उसे रोक लिया। बदमाशों ने इंडिकेटर नहीं देने की बात कहकर चालक से विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते तीनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी, जिससे उसके कपड़े भी फट गए।
पीड़ित का आरोप है कि बदमाश गाड़ी में रखे 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। घटना के बाद उसने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गंभीरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की छानबीन में जुट गई।
