SSP ने महिला की हत्या में घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों को दिया भरोसा, थाना की 3 टीमों के साथ SOG और सर्विलांस टीम को लगाया, मृतका के पिता ने दी अज्ञात के खिलाफ तहरीर

Uncategorized

आजमगढ़। बरदह कस्बे में गुरुवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब 40 वर्षीय अकबरी बानो पत्नी मो. ताहिर का शव घर के अंदर फर्श पर रक्तरंजित हालत में पड़ा मिला। स्कूल से घर लौटे बच्चों ने मां को खून से लथपथ देखा तो शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही डायल 112 के साथ थाना बरदह पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। एसपी सिटी मधुवन सिंह, सीओ लालगंज भूपेश कुमार पांडेय और थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने गांव और आसपास के लोगों से पूछताछ की। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना में कौन शामिल है, इसकी जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया महिला की रक्तरंजित हालत में शव मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी।
बताया गया कि मृतका का पति मो. ताहिर और बड़ा पुत्र मो. समीर मुंबई में लूम का काम करते हैं। घर पर मृतका के दो पुत्र मो. अमीर (16) और मो. असद (8) रहते थे। मां का शव देखकर बच्चों के शोर मचाने के बाद घटना की जानकारी आसपास के लोगों को हुई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि गांव में भी दहशत का माहौल है।
परिजनों की तहरीर पर मुकदमे की कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने आधिकारिक वक्तव्य में बताया कि थाना बरदह क्षेत्र में एक महिला का शव मिलने की सूचना पर तत्काल पुलिस अधिकारियों और थाना बरदह पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। प्रकरण में परिजनों से तहरीर प्राप्त कर थाना बरदह पर अभियोग पंजीकृत करने की कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी ने बताया कि घटना के त्वरित अनावरण के लिए थाना स्तर पर तीन पुलिस टीमों के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है। सभी टीमें आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही हैं। पुलिस जल्द से जल्द घटना का अनावरण करने के प्रयास में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *