घनी आबादी वाले कस्बे में चोरों का धावा, घर में घुस कर लाखों के जेवरात चोरी, दरवाजे की कुंडी तोड़कर घर में घुसे चोर, सोने-चांदी के गहनों से भरा बक्सा तोड़ा; डॉग स्क्वायड और पुलिस टीम जांच में जुटी

Uncategorized

आजमगढ़। दीदारगंज थाना क्षेत्र के मार्टिनगंज मुख्य कस्बे के मालवीय नगर वार्ड नंबर 15 में रविवार की रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घनी आबादी के बीच हुई इस चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। चोर घर के आगे लगे दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर दाखिल हुए और कमरे में रखे बड़े बक्से को तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण समेट ले गए।

जानकारी के अनुसार, ईश्वर चंद जायसवाल का परिवार मकान के पिछले हिस्से में सोता है। रविवार की रात भी परिवार के लोग पीछे की तरफ सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने सामने की ओर लगे दरवाजे की कुंडी तोड़ दी और घर में प्रवेश कर गए। जिस कमरे में बड़ा बक्सा रखा हुआ था, उसमें पहुंचकर चोरों ने बक्सा तोड़ दिया। उसमें रखे सोने की अंगूठी, मांग टीका, हार, सिकड़ी, झुमका, बाली तथा चांदी की पायल, करधनी समेत कई कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए।
ईश्वर चंद जायसवाल के दो पुत्र हैं। उनके एक पुत्र अरविंद जायसवाल की कस्बे में ही साइकिल की दुकान और शोरूम है, जबकि दूसरे पुत्र संतोष जायसवाल संत जीवन व्यतीत करते हैं। वह हरिद्वार में मंदिर-मठ से जुड़े महामंडलेश्वर हैं और श्री 1008 संतोषानंद महाराज के नाम से प्रसिद्ध हैं। वह कई वर्षों में कभी-कभार ही घर आते हैं। स्थानीय स्तर पर जायसवाल परिवार की पहचान पुराने संपन्न परिवारों में होती है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने पहले से घर की रेकी की होगी और परिवार की गतिविधियों की जानकारी जुटाने के बाद वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही दीदारगंज थाना पुलिस और मार्टिनगंज चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। डॉग स्क्वायड समेत अन्य जांच टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटना के खुलासे के लिए टीमों का गठन किया गया है। रात में घने कोहरे का फायदा उठाकर चोर फरार होने में सफल रहे। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *