गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, दो ट्रेलरों की टक्कर में केबिन में फंसे खलासी की मौत

Uncategorized

अतरौलिया से आशीष कुमार निषाद/आजमगढ़। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर सोमवार दोपहर दो तेज रफ्तार ट्रेलरों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में पीछे चल रहे ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिसमें सवार खलासी फंस गया। कई घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। देर शाम खलासी की मौत हो गई।
अतरौलिया थाना क्षेत्र के मनियारपुर गांव के समीप एक्सप्रेसवे पर पिलर नंबर 59.700 के पास दोपहर करीब तीन बजे यह हादसा हुआ। दोनों ट्रेलर गोरखपुर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर संख्या UP 21 DT 4474 ने आगे चल रहे ट्रेलर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे वाले ट्रेलर का केबिन बुरी तरह पिचक गया और उसमें बैठा खलासी अंदर ही फंस गया। हादसे के बाद दोनों ट्रेलरों के चालक मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बचाव दल और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे खलासी को बाहर निकालने के लिए कई घंटे तक मशक्कत की गई। सूचना पर अतरौलिया थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। हालांकि देर शाम तक चले रेस्क्यू के बाद खलासी को मृत अवस्था में बाहर निकाला गया।
यूपीडा के गश्ती दल अधिकारी चंद्रभान सिंह ने मृतक की पहचान मोनू पठान (30) पुत्र अफजल निवासी तारिक नगर, थाना मझोला, जनपद मुरादाबाद के रूप में की। उन्होंने बताया कि दोनों ट्रेलर गोरखपुर की तरफ जा रहे थे। पीछे से आ रहे ट्रेलर की टक्कर से यह हादसा हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *