लटके बिजली के तार में करंट ने ली मजदूर की जान, घर लौटने के दौरान हादसा, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

Uncategorized

आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के छाऊ गांव में रविवार की शाम बिजली के करंट की चपेट में आने से 40 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। वह दिनभर मेहनत-मजदूरी करने के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान घर के पास बिजली के तार की चपेट में आ गया। हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
छाऊ गांव निवासी केदार पुत्र सीताराम मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविवार को भी वह रोज की तरह काम करने गए थे। शाम करीब सात बजे काम समाप्त होने के बाद घर वापस लौट रहे थे। घर के करीब पहुंचते ही वह अचानक बिजली के तार की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि इससे पहले उनकी मौत हो गई।
केदार की असमय मौत से परिवार का सहारा छिन गया है। पत्नी सुनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के दो बेटे और एक बेटी हैं। परिवार की पूरी जिम्मेदारी केदार के कंधों पर थी। उनकी मौत के बाद बच्चों की परवरिश और भविष्य को लेकर परिजन चिंतित हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार सुबह परिजनों ने गंभीरपुर थाने में घटना को लेकर तहरीर दी। गंभीरपुर चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *