पुरानी रंजिश में जानलेवा हमला करने के मामले में पति-पत्नी गिरफ्तार, टांगी और लाठी-डंडे से किया था हमला

Uncategorized

आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक व्यक्ति और उसके परिजनों पर लाठी-डंडे व टांगी से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। दोनों घटना के बाद से वांछित चल रहे थे। पुलिस ने सोमवार को मुखबिर की सूचना पर करनपुर बाजार से दोनों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, बीते 11 नवंबर की शाम करीब सात बजे पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने एकराय होकर मन्नू कुमार और उनके परिजनों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडे और टांगी से हमला कर दिया, जिसमें मन्नू कुमार व उनके परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए। इस मामले में पीड़ित की तहरीर पर 12 नवंबर को जहानागंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले में वांछित अभियुक्त जितेंद्र पुत्र लालजी बासफोर (37) और उसकी पत्नी संगीता (35), निवासी रानीपुर धरवारा, थाना जहानागंज को सोमवार सुबह करीब 11:50 बजे करनपुर बाजार से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार जितेंद्र के खिलाफ पूर्व में सिधारी थाने में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी से संबंधित मुकदमा भी दर्ज है, जबकि संगीता का कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक लवकुश सोनकर, हेड कांस्टेबल गोविन्द सिंह, कांस्टेबल अनुप कुमार और महिला कांस्टेबल नेहा सिंह शामिल रहीं। पुलिस की ओर से आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *