पुलिस की मौजूदगी में पति-पत्नी अलग, शादी का सामान लौटाकर लिया निजी सामान, शादी के बाद विवाद के चलते दोनों पक्षों में हुआ समझौता, बीमारी छिपाकर शादी कराने का आरोप भी चर्चा में; पुलिस ने बताया आपसी सहमति से हुए अलग

Uncategorized

आजमगढ़। थाना बरदह परिसर में पुलिस की मौजूदगी में पति-पत्नी ने आपसी सहमति से अलग रहने का फैसला किया। दोनों पक्षों ने प्रार्थना पत्र देकर समझौता किया और एक-दूसरे का सामान वापस कर दिया। इसके बाद भविष्य में एक-दूसरे से कोई संबंध नहीं रखने पर सहमति जताई।
मिली जानकारी के अनुसार, बरदह थाना क्षेत्र के कुरथुवा गांव निवासी रामाश्रय की पुत्री कुसुम की शादी 19 मई को गंभीरपुर थाना क्षेत्र के तियरी मनिरामपुर गांव निवासी रामशेखर के पुत्र भीम के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों के बीच विवाद और अनबन शुरू हो गई। इसके बाद लड़की पक्ष ने बरदह थाने में प्रार्थना पत्र देकर पुलिस से हस्तक्षेप की मांग की।
इस दौरान गांव में चर्चा रही कि लड़के को मिर्गी की बीमारी थी और उसकी सेहत को लेकर भी शिकायत थी। लड़की पक्ष का आरोप था कि शादी से पहले इन बातों को छिपाया गया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
देर शाम दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पुलिस की मौजूदगी में बातचीत कराई गई। समझौते के तहत लड़के पक्ष ने शादी में मिले जेवर, कुर्सी, सिंगारदान, बाइक समेत अन्य सामान लड़की पक्ष को वापस कर दिया, जबकि लड़की पक्ष ने अपना निजी सामान वापस ले लिया। इसके बाद दोनों ने आपसी सहमति से अलग रहने का निर्णय लिया।
थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि लड़की पक्ष की ओर से प्रार्थना पत्र दिया गया था। दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बातचीत कराई गई। आपसी सहमति से सामान वापस कर समझौता हुआ और दोनों ने अलग रहने का फैसला किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *