






आजमगढ़ के सरायमीर थाना क्षेत्र में दहेज हत्या के मामले में पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर विवाहिता की हत्या में शामिल होने का आरोप है।
थाना सरायमीर में दहेज हत्या के एक गंभीर मामले में पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए इस मामले में वांछित अभियुक्त संदीप को गिरफ्तार कर लिया।
मामले के अनुसार, जौनपुर जनपद के खेतासराय थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लखमापुर निवासी बबिता पत्नी विजेंद्र ने 16 दिसंबर 2025 को थाना सरायमीर में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी 23 वर्षीय पुत्री करिश्मा की शादी 18 मई 2025 को सरायमीर थाना क्षेत्र के कौरागहनी गांव निवासी दिलीप कुमार के साथ हुई थी।
आरोप है कि शादी के बाद से ही पति दिलीप कुमार, ननद प्रीती व बीमा तथा देवर मनदीप व संदीप द्वारा दहेज में अपाचे मोटरसाइकिल की मांग को लेकर करिश्मा को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों के अनुसार, उसके साथ मारपीट की जाती थी और जलाने का भी प्रयास किया गया। आरोप है कि 16 दिसंबर 2025 को ससुराल पक्ष ने मिलकर करिश्मा की हत्या कर दी।
इस संबंध में पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना सरायमीर में मु0अ0सं0 480/2025 के तहत धारा 80(2) बीएनएस व 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
गिरफ्तारी का विवरण:
18 मार्च 2026 को उपनिरीक्षक बासदेव साहनी अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त व जांच में लगे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इस मामले में वांछित अभियुक्त संदीप नोनारी बाजार में किसी वाहन का इंतजार कर रहा है। सूचना पर तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर सुबह करीब 11:35 बजे अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त:
संदीप पुत्र बहादुर, निवासी ग्राम कौरागहनी, थाना सरायमीर
पुलिस टीम:
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक बासदेव साहनी और कांस्टेबल शशिकांत तिवारी थाना सरायमीर शामिल रहे।
