
आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के खेमीपुर गांव में रविवार को दिनदहाड़े एक घर में घुसे अज्ञात युवक ने महिला पर हंसिया से हमला कर दिया। महिला के शोर मचाने पर घर के बाहर मौजूद उसके चचेरे ससुर युवक को पकड़ने के लिए दौड़े। युवक के भागने पर पीछा करते समय वह कुछ दूरी पर जमीन पर गिरे मिले। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि रविवार को अज्ञात युवक अचानक खेमीपुर गांव निवासी लालचंद मौर्या के घर में घुस गया। उस समय घर में मौजूद महिला शिवांगी मौर्य पर उसने हंसिया से हमला कर दिया। हमले में शिवांगी के माथे पर चोट लग गई। महिला के शोर मचाने पर घर के बाहर मंडई में मौजूद उसके चचेरे ससुर 52 वर्षीय लालचंद मौर्या दौड़कर घर पहुंचे।
लालचंद ने युवक को घर के अंदर रोकने के लिए मुख्य दरवाजे की बाहर से कुंडी लगा दी। हालांकि बगल में जंगला खुला होने और उसमें दरवाजा नहीं होने का फायदा उठाकर युवक ने हाथ डालकर कुंडी खोल ली और वहां से भाग निकला। लालचंद मौर्या भी युवक को पकड़ने के लिए उसके पीछे दौड़ पड़े। कुछ लोग भी युवक के पीछे लग गए।
बताया जा रहा है कि घर से कुछ दूरी पर लालचंद मौर्या जमीन पर गिरे मिले। उनकी हालत गंभीर थी। आनन-फानन में उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। लालचंद की मौत के बाद घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। युवक द्वारा धक्का दिए जाने की भी चर्चा रही, हालांकि मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
ग्रामीणों के अनुसार, जिस युवक ने घर में घुसकर हमला किया, वह पिछले करीब 20 दिनों से गांव में दिखाई दे रहा था। बताया गया कि वह कई लोगों के घरों में घुसने का प्रयास कर चुका था। कभी पेड़ पर चढ़ने तो कभी अन्य अजीबोगरीब हरकतें करने के कारण ग्रामीण उसके व्यवहार को लेकर पहले से परेशान थे।
रविवार को उसी युवक के लालचंद मौर्या के घर में घुसने और महिला पर हमला करने के बाद मामला गंभीर हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
थानाध्यक्ष मनीष पाल ने बताया कि घटना की तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फरार युवक की तलाश की जा रही है।
