
आजमगढ़ : आगामी विधानसभा निर्वाचन 2027 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने अभी से तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोड़ा ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोन के सभी नौ जनपदों के पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इसमें चुनावी सुरक्षा, पुलिस बल की उपलब्धता, हथियारों और दंगा नियंत्रण उपकरणों की स्थिति सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई।
एडीजी ने निर्देश दिया कि सभी जनपदों में उपलब्ध पुलिसकर्मियों की संख्या और आगामी चुनाव में मिलने वाले अतिरिक्त पुलिस बल का आकलन कर लिया जाए। नागरिक पुलिस, सशस्त्र पुलिस, यातायात पुलिस, अभिसूचना इकाई, लिपिकीय संवर्ग और चालकों की अलग-अलग समीक्षा की जाए। शारीरिक रूप से कमजोर अथवा अक्षम पुलिसकर्मियों को चिह्नित कर उन्हें चुनाव ड्यूटी से मुक्त रखने की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने चुनावी सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की वल्नरेबिलिटी तथा क्रिटिकल मैपिंग का काम पूरी गंभीरता से पूरा कराने को कहा। साथ ही पुलिस लाइंस और थानों में उपलब्ध दंगा नियंत्रण उपकरणों की स्थिति की जांच कर उन्हें कार्य योग्य, मरम्मत योग्य और निष्प्रयोज्य श्रेणियों में बांटने के निर्देश दिए। मरम्मत योग्य उपकरणों को जल्द दुरुस्त कराने पर भी जोर दिया गया।
एडीजी ने पुलिस लाइंस और थानों में उपलब्ध एके-47, एसएलआर, इंसास, स्टेनगन, कारबाइन, पिस्टल और रिवाल्वर सहित सभी शस्त्रों का जीपी लिस्ट से मिलान कराने तथा उनकी नियमित चेकिंग, ऑयलिंग और मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने ‘राइट मैन फॉर राइट प्लेस’ की नीति के तहत पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता और क्षेत्र की जानकारी के आधार पर उनकी उपयुक्त स्थानों पर तैनाती की तैयारी करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में चुनाव के दौरान तैनात होने वाले अर्धसैनिक बलों के ठहरने, भोजन, आवागमन और रूट चार्ट की व्यवस्था समय से पूरी करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही थाना क्षेत्रों में सभी शस्त्र लाइसेंस धारकों का भौतिक सत्यापन कराने तथा चुनाव को प्रभावित करने वाले वांछित और सक्रिय अपराधियों को चिह्नित कर उनकी सूची तैयार करने को कहा गया। अपराधियों से संबंधित सूचनाओं को ‘यक्ष’ ऐप पर अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए गए।
निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी के लिए फ्लाइंग स्क्वाड टीम (एफएसटी), स्टेटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी), वीडियो सर्विलांस टीम (वीएसटी) और वीडियो व्यू टीम (वीवीटी) के गठन एवं तैयारियों की समीक्षा की गई। इंटरस्टेट और इंटरडिस्ट्रिक्ट बैरियर, इंटरसेप्टर बैरियर तथा क्लस्टर मोबाइल की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया। नामांकन स्थलों, मतदान केंद्रों और स्ट्रांग रूम की सुरक्षा से जुड़ी तैयारियां भी अभी से शुरू करने के निर्देश दिए गए।
एडीजी नवीन अरोड़ा ने अधिकारियों से कहा कि विधानसभा चुनाव लंबी और महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसलिए सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही या अधूरी व्यवस्था न रहे। बैठक में वाराणसी जोन के सभी परिक्षेत्रीय डीआईजी, एसएसपी, एसपी, नोडल चुनाव अधिकारी, चुनाव सेल प्रभारी, प्रतिसार निरीक्षक, रेडियो निरीक्षक, अभिसूचना इकाई और अग्निशमन विभाग के अधिकारी शामिल रहे।
