पूजा करने गई वृद्ध महिला की कुएं में गिरकर मौत, गांव में शोक

Uncategorized

आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के बसही अशरफपुर गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 95 वर्षीय वृद्ध महिला की कुएं में गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, बसही अशरफपुर गांव निवासी भज्जी देवी (95) पत्नी स्वर्गीय श्रीपति राम सोमवार सुबह करीब आठ बजे घर के पास स्थित कुएं पर पूजा करने गई थीं। इसी दौरान वह अचानक कुएं में गिर गईं। काफी देर तक घर न लौटने पर ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई। मौके पर पहुंचे लोगों ने कुएं में देखा तो वृद्ध महिला का शव पानी में मिला।
ग्रामीणों ने सीढ़ी की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
मृतका के नाती दुर्गेश ने बताया कि उनकी नानी अकेली रहती थीं और वह ही उनकी देखभाल करता था। वृद्ध महिला के पति और बच्चों का पहले ही निधन हो चुका था। नाती के सहारे ही उनका जीवन गुजर रहा था। घटना स्थल पर महिला की चप्पल और सहारे के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला डंडा भी मिला है।
ग्रामीणों ने बताया कि भज्जी देवी रोजाना कुएं के पास बैठती थीं और पूजा-पाठ करती थीं। उनका कहना है कि यदि कुएं के चारों ओर सुरक्षा घेराबंदी या ढक्कन की व्यवस्था होती तो शायद यह हादसा टल सकता था। गांव का यह खुला कुआं बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं के लिए भी लगातार खतरा बना हुआ है।
सूचना मिलने पर पवई पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि कुएं में गिरने से महिला की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *