






आजमगढ़ जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीपुर गांव में बुधवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। चार पहिया वाहन से जा रहे दो युवकों पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज जारी है। मृतक सुशील बगल के ही कोढ़वा गांव थाना जहानागंज का बताया जा रहा है। घायल पिंटू यादव है। हालांकि पिंटू को गोली छू कर निकली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव में चर्चा है कि प्रॉपर्टी का मामला है। पहले भी धमकी दी जा रही थी। पुलिस को सूचना भी दी गई थी। हालांकि अभी कोई पुष्टि नहीं हो सकी है।
उधर रात में घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायल युवक से घटना के संबंध में जानकारी ली।
पुलिस के मुताबिक हमलावरों ने बाइक सवार युवकों को निशाना बनाकर कई राउंड फायरिंग की। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना से गांव समेत आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। SSP का कहना है कि 4 टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।
