ऑपरेशन दहन के तहत आजमगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ₹7.35 करोड़ के नशीले पदार्थ किए गए नष्ट, 20 पुलिसकर्मी सम्मानित

Uncategorized

आजमगढ़। जनपद में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए “ऑपरेशन दहन” के अंतर्गत करोड़ों रुपये मूल्य के अवैध नशीले पदार्थों का विनष्टीकरण कराया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में कुल 864.184 किलोग्राम मादक पदार्थ एवं लगभग 1000 डायजापाम टैबलेट्स को नष्ट किया गया। पुलिस के अनुसार नष्ट किए गए नशीले पदार्थों की अनुमानित कीमत ₹7,35,55,640 आंकी गई है।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि विभिन्न थानों द्वारा पूर्व में बरामद किए गए गांजा, हीरोइन, स्मैक, डायजापाम सहित अन्य अवैध मादक पदार्थों का विनष्टीकरण मा. न्यायालय एवं संबंधित प्राधिकारी के आदेश के क्रम में जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में कराया गया। यह पूरी कार्रवाई थाना दीदारगंज क्षेत्र के भादो, माहुल, मार्टीनगंज स्थित मेसर्स सिलिकॉन बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड के इंसीनिरेटर एवं ब्वायलर के माध्यम से संपन्न हुई।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई ताकि पारदर्शिता बनी रहे। पुलिस ने बताया कि मा. न्यायालय आजमगढ़ से 728.614 किलोग्राम अतिरिक्त अवैध मादक पदार्थों के विनष्टीकरण की अनुमति भी प्राप्त हो चुकी है।
इसके अलावा विभिन्न थानों द्वारा माल मुकदमाती-304, लावारिश-89, एआरटीओ-132, आबकारी-273, एमवी एक्ट-3110 तथा अन्य माल-131 का भी निस्तारण किया गया। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य जनपद में नशे के कारोबार और अवैध तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
इस महत्वपूर्ण अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 20 अधिकारी एवं कर्मचारियों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित पुलिसकर्मियों में विभिन्न थानों और शाखाओं के उपनिरीक्षक, हेड मोहर्रिर और आरक्षी शामिल रहे।
सम्मानित अधिकारी और कर्मचारी
उपनिरीक्षक प्रकाश मिश्रा
आरक्षी शेषनाथ यादव
आरक्षी प्रदीप कुमार शाह
आरक्षी मुकेश गिरी
हेड मोहर्रिर अनिल यादव
हेड मोहर्रिर बृजेश कुशवाहा
हेड मोहर्रिर लालबहादुर
हेड मोहर्रिर पंचराज भारती
हेड मोहर्रिर श्रवण कुमार
हेड मोहर्रिर अवनीश मिश्रा
सहित कुल 20 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।
पुलिस प्रशासन ने कहा कि भविष्य में भी नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *