
आजमगढ़। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ग्रुप-डी में नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोपी को अतरौलिया पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर रुपये लेने के बाद फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर देने और नौकरी नहीं मिलने पर पैसे वापस मांगने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर 2026 को सौरभ सिंह पुत्र अनिल सिंह निवासी बरबोझी, थाना मोहम्मदाबाद गोहना, जनपद मऊ, हाल पता देवखरी, थाना कंधरापुर, आजमगढ़ ने अतरौलिया थाने में तहरीर दी थी। आरोप लगाया कि विपक्षीगण ने आरआरबी ग्रुप-डी में नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे पांच लाख रुपये लिए थे। इसके अलावा सहवादी अमरजीत सिंह पुत्र स्व. राजबहादुर सिंह निवासी जमीन हरखोरी घनछुला, थाना जीयनपुर को कूटरचित नियुक्ति पत्र भी दिया गया था। नौकरी नहीं मिलने पर जब रुपये वापस मांगे गए तो आरोपी आनाकानी करने लगे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
इस मामले में पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 413/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। सोमवार को उपनिरीक्षक संजय सिंह और सुरेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ वांछित अभियुक्तों की तलाश में जुटे थे। इसी दौरान सूचना के आधार पर अमरेज कुमार पुत्र खेतऊ निवासी गजेन्धरपट्टी भेदौरा, थाना अतरौलिया को कस्बे में स्थित सम्मो माता मंदिर के पास से सुबह करीब 8:45 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 52 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय भेज दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक संजय सिंह, उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार, कांस्टेबल रमेश कुमार और कांस्टेबल अमन तिवारी शामिल रहे।
