जी डी ग्लोबल स्कूल में अभिभावक उन्मुखीकरण कार्यक्रम का सफल आयोजन, पेरेंट्स की बच्चों के सर्वांगीण विकास में भूमिका रहा मुख्य उद्देश्य

Uncategorized

आजमगढ़: जी डी ग्लोबल स्कूल में “नेचर-नर्चर” के सहयोग से अभिभावक उन्मुखीकरण का सफल एवं प्रभावशाली आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों को प्रारंभिक शिक्षा में बच्चों के सर्वांगीण विकास के महत्व से अवगत कराना था। कार्यक्रम का प्रारंभ दीप-प्रज्वलन एवं मां शारदे की प्रतिमा पर माल्यार्पण -पुष्पार्चन से प्रारंभ हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में श्री मुकेश शेलट , निदेशक के.पी.ग्रुप्स ऑफ स्कूल्स गुजरात उपस्थित रहे, जिनके पास 31 वर्षों से अधिक का समृद्ध शैक्षिक अनुभव है। उन्होंने अपने प्रेरणादायक संबोधन में बताया कि प्रारंभिक शिक्षा के दौरान बच्चों को सही दिशा, अनुकूल वातावरण एवं प्रोत्साहन प्रदान करना उनके भविष्य के व्यक्तित्व निर्माण की मजबूत नींव रखता है। उन्होंने अपने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय अनुभवों के आधार पर अभिभावकों को बच्चों की सीखने की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता हेतु प्रेरित किया।
इस प्रशिक्षण सत्र की सह-वक्ता शिवानी वर्मा(उपाध्यक्ष, नेचर-नर्चर) ने अपने दो दशकों से अधिक के अनुभव के आधार पर प्रारंभिक शिक्षा को रोचक, अनुभवात्मक एवं बाल-केंद्रित बनाने के प्रभावी उपायों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सीखने की प्रक्रिया को आनंददायक बनाना ही बच्चों के सर्वांगीण विकास की कुंजी है।
कार्यक्रम के दौरान नेचर-नर्चर के 360° लर्निंग प्रोग्राम की विशेषताओं को विस्तार से प्रस्तुत किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों के बौद्धिक, भावनात्मक, सामाजिक एवं सृजनात्मक विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जिससे उनका संतुलित एवं समग्र विकास सुनिश्चित होता है।
वक्ताओं ने इस बात पर विशेष बल दिया कि विद्यालय और अभिभावकों के बीच सशक्त सहभागिता बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम को संवादात्मक एवं प्रेरणादायक बनाया गया, जिसमें अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने विचार साझा किए।
विद्यालय की निदेशिका श्रीमती स्वाति अग्रवाल ने कहा कि “प्रारंभिक शिक्षा के वर्ष बच्चों के जीवन के सबसे महत्वपूर्ण वर्ष होते हैं। इस दौरान दिया गया सही मार्गदर्शन उनके व्यक्तित्व को आकार देता है। विद्यालय एवं अभिभावकों का संयुक्त प्रयास ही बच्चों को सफलता के पथ पर अग्रसर करता है।”
विद्यालय के प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि “हमारा विद्यालय जीडी ग्लोबल स्कूल सदैव बच्चों के समग्र विकास हेतु प्रतिबद्ध है। इस प्रकार के कार्यक्रम अभिभावकों और विद्यालय के बीच समन्वय को सुदृढ़ करते हैं, जो बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।”
कार्यकारी निदेशक श्री श्रीश अग्रवाल ने बताया कि-“आज के बदलते शैक्षिक परिदृश्य में यह अत्यंत आवश्यक है कि हम बच्चों की शिक्षा को केवल अकादमिक उपलब्धियों तक सीमित न रखें, बल्कि उनके समग्र (360°) विकास पर समान रूप से ध्यान दें। “नेचर-नर्चर “के सहयोग से आयोजित यह अभिभावक उन्मुखीकरण कार्यक्रम इसी उद्देश्य की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसमें अभिभावकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों एवं बाल-केंद्रित दृष्टिकोण से परिचित कराया गया।
प्रधानाचार्या दीपाली भुस्कुटे ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि “हमारा उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि बच्चों को एक सक्षम, संवेदनशील एवं आत्मविश्वासी नागरिक बनाना है। ऐसे उन्मुखीकरण कार्यक्रम अभिभावकों को इस प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाते हैं।”
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की को-आर्डिनेटर श्रीमती सुमन यादव ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए संयुक्त प्रयासों को आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *