




आजमगढ़। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर नारी शक्ति संस्थान की ओर से आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह-2025 का आयोजन शारदा तिराहा स्थित होटल ग्रैंड एस.आर. के सभागार में रविवार को किया गया। कार्यक्रम का विविधत शुभारंभ मां दुर्गा के चित्र के समक्ष संरक्षक मंडल व पदाधिकारीगण ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर हुआ। अध्यक्षता कार्यकारी अध्यक्ष अर्चना वत्सल व संचालन अंशु अस्थाना ने किया।
समारोह में अयोध्या से आई अधिवक्ता श्वेता राज सिंह, प्रयागराज की संगीतज्ञ डा.ज्योति मिश्रा, मऊ की सामाजिक कार्यकत्री संगीता द्विवेदी, खेल के क्षेत्र में आजमगढ़ की कुमारी खुशी सिंह, वाराणसी की साहित्यकार डा प्रेरणा चतुर्वेदी को संस्थान की संरक्षक व पदाधिकारियों के हाथों नारी शक्ति संम्मान 2025 प्रदान करते हुए अंगवस्त्र, मेमेंटो, माला, कलेंण्डर, पौधा व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा जनपद की नारी शक्तियों को बैच और पौधा देकर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए अधिवक्ता श्वेता राज सिंह ने कहाकि महिलाए दुर्गा, सरस्वती, लक्ष्मी है और समाज नौ देवी के रूप में इन्हें पूजता है लेकिन आज कुछ महिलाएं सोशल मीडिया पर रील, नृत्य, अंग प्रदर्शन कर पूरे नारी समाज की महिलाओं की गरिमा को खराब कर रही है। जिसकी समीक्षा किया जाना आवश्यक है और अपने देवी रूप की रक्षा के लिए आगे आना होगा।
डा. प्रेरणा चतुर्वेदी ने कुटूम्ब प्रबोधन पर बोलते हुए कहाकि जिस तरह से हम एकल परिवार की तरफ बढ़ रहे है ऐसा ही रहा तो आगामी समय में परिवार प्रथा का अंत हो जाएगा, जो भारतीय संस्कृति व समाज के लिए घातक होगा। हमें संयुक्त परिवार की तरफ बढ़ना होगा। यदि हमें राष्ट्र निर्माण के लिए राष्ट्र भक्त पुत्रों को जन्म देना है तो हमें जीजाबाई बनना पड़ेगा। जिन्होंने शिवाजी जैसे वीरपुर को जन्म दिया जो हिन्द स्वराज की स्थापना के लिए जीवनपर्यंत संघर्ष किये। सामाजिक कार्यकर्ता संगीता द्विवेदी व डा. ज्योति मिश्रा ने कहाकि सशक्तिकरण के लिए महिलाओं को आत्म निर्भर होना होगा और अपने क्षेत्र में अन्य महिलाओं को भी रोजगार देकर उन्हें सशक्त बनाने का कार्य करें।
अध्यक्षीय संबोधन में संस्था अध्यक्ष सुधा तिवारी ने कहाकि नारी शक्ति संस्थान ऐसे आयोजनों से नारियों को संगठित करके उन्हें उनके ही हक-हुकूक के प्रति जागरूक करने का कार्य करता है। बड़े-बड़े बदलाव के बारे में मात्र सोचने से अच्छा है कि घर से ही बदलाव का सकारात्मक प्रयास करें, तभी सशक्तिकरण का सपना साकार हो सकेगा।
इसके बाद बालिकाओं द्वारा नारी सशक्तिकरण पर नृत्यु प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात प्रीति गुप्ता द्वारा संस्था के उद्देश्य पर प्रकाश डाला गया। वहीं कार्यकारी अध्यक्ष अर्चना वत्सल द्वारा आई हुई समस्त नारी शक्तियों का स्वागत किया गया। वहीं कार्यक्रम के दूसरे सत्र में नारी शक्तियों ने एक-दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर रंगोत्सव में सराबोर रहीं।
अंत में आगंतुकों के प्रति सचिव डा पूनम तिवारी ने आभार प्रकट किया। इस दौरान बहुत से लकी ड्रा विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। समारोह में नारी शक्ति संस्थान की समस्त संरक्षक मंजू उपाध्याय, रानी अनामिका सिंह, प्रियंका राय, प्रियंका पांडेय, अनीता आलोक श्रीवास्तव, डा नेहा दुबे, विदुषी अस्थाना, डा प्रीति गुप्ता, जरीना खातनू, फरहत खान, मधु तिवारी पदाधिकारीगण में पूनम जसपाल सिंह, अमिता अग्रवाल, प्रतिभा पाठक, रश्मि डालमिया, आभा अग्रवाल, ममता राय, अनिता श्रीवास्तव, रिंकी प्रशांत, मीना सैनी, नीतू सौम्य सहित संस्था की समस्त सदस्या मौजूद रहीं।