28 और 29 नवंबर को सभी बूथों पर चलेगा विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए भरें प्रारूप-6, बूथों का निरीक्षण करेंगे निर्वाचन अधिकारी, अनुपस्थित बीएलओ पर होगी कार्रवाई

Uncategorized

आजमगढ़। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत आगामी 28 और 29 नवंबर को जिले के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के साथ ही मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां भी प्राप्त की जाएंगी। अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ ने जिले के नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से एक जनवरी 2027 को अर्हता तिथि निर्धारित करते हुए विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जा रहा है। इसके तहत 28 नवंबर (शनिवार) और 29 नवंबर (रविवार) को विशेष अभियान की तिथियां निर्धारित की गई हैं।
दोनों दिनों में जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहकर प्रारूप-6, प्रारूप-7 और प्रारूप-8 के माध्यम से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे। प्रारूप-6 के जरिए मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने, प्रारूप-7 के माध्यम से नाम हटाने तथा प्रारूप-8 के जरिए मतदाता विवरण में संशोधन या अन्य निर्धारित सुविधाओं के लिए आवेदन किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के दौरान निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी विभिन्न मतदेय स्थलों का भ्रमण कर निरीक्षण भी करेंगे। इस दौरान यदि कोई बूथ लेवल अधिकारी अनुपस्थित पाया जाता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने मतदेय स्थलों पर पहुंचकर पात्र लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए अधिक से अधिक प्रारूप-6 भरवाने में सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *