
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत गुरुवार को मुबारकपुर विधानसभा क्षेत्र के एमपी इंटर कॉलेज में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय आजमगढ़ के तत्वावधान में आयोजित इस मेले में 24 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। रोजगार पाने की उम्मीद लेकर पहुंचे करीब 1200 बेरोजगार युवाओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 418 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में रोजगार के लिए चयन किया गया।
मेले में मैन्युफैक्चरिंग, हेल्थ, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल और मार्केटिंग सेक्टर की कंपनियों ने युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। सुबह से ही रोजगार मेले में युवाओं की भीड़ जुटने लगी थी। विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर उनकी योग्यता के आधार पर चयन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य विक्रांत सिंह के प्रतिनिधि अजय सिंह ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित कर किया। वहीं विशिष्ट अतिथि जिला मंत्री जनार्दन चौहान ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया और विभिन्न कंपनियों के स्टॉलों का अवलोकन किया।
इस अवसर पर सहायक निदेशक राममूर्ति, जिला सेवायोजन अधिकारी राहुल गोंड, अपर सांख्यिकीय अधिकारी एमआर प्रजापति, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक आरिफ खान, अनुदेशक अवधेश कुमार तथा एमपी इंटर कॉलेज मुबारकपुर के प्रधानाचार्य एहसान अहमद खान सहित क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय एवं विद्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे। रोजगार मेले को सफल बनाने में सभी का सराहनीय योगदान रहा।
