






आजमगढ़। थाना कन्धरापुर पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी को भंवरनाथ-वाराणसी हाईवे तिराहा से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना कन्धरापुर क्षेत्र के ग्राम इसहाकपुर निवासी जनार्दन यादव ने 07 मई 2026 को थाना कन्धरापुर पर तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके पुत्र अमन को टी.टी. के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर अमित कुमार श्रीवास्तव उर्फ दीपक ने कुल 9 लाख 63 हजार 500 रुपये ठग लिये। विश्वास दिलाने के लिए आरोपी ने फर्जी टी.टी. आईडी कार्ड भी तैयार कर दिया था। जब पीड़ित पक्ष ने रुपये वापस मांगे तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा।
इस मामले में थाना कन्धरापुर पर मु0अ0सं0-108/2026 धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 352 एवं 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।
इसी क्रम में शुक्रवार को उ0नि0 प्रमोद कुमार मद्धेशिया मय हमराह पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त अमित कुमार श्रीवास्तव उर्फ दीपक पुत्र विनोद कुमार श्रीवास्तव निवासी कमला नगर कॉलोनी थाना लालपुर पाण्डेयपुर जनपद वाराणसी, उम्र करीब 40 वर्ष को भंवरनाथ-वाराणसी हाईवे तिराहा से सुबह करीब 08:10 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उ0नि0 प्रमोद कुमार मद्धेशिया, रि0का0 नीरज कुमार यादव तथा रि0का0 अभिषेक कुमार गौड़ शामिल रहे।
पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को धनराशि देने से पहले उसकी सत्यता की पूरी जांच अवश्य कर लें, ताकि इस प्रकार की ठगी से बचा जा सके।
