फर्जी स्टाम्प पेपर से जमीन का दानपत्र कराने का आरोप, 58 वर्षीय अभियुक्त गिरफ्तार

Uncategorized

आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र में जमीन के पूर्व बैनामा और इकरारनामा की जानकारी छिपाकर फर्जी दस्तावेज तैयार करने तथा धोखाधड़ीपूर्वक दानपत्र निष्पादित कराने के मामले में पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी एवं कूटरचित स्टाम्प पेपर तैयार कर जमीन अपने पुत्र के नाम हिब्बानामा कराने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, 28 नवंबर को बाकरकोल गांव निवासी सुरेंद्र चौबे पुत्र स्व. रमाशंकर चौबे ने अहरौला थाने में तहरीर दी थी। आरोप लगाया कि ग्राम बाकरकोल स्थित गाटा संख्या 189, रकबा 0.524 हेक्टेयर जमीन का पूर्व में बैनामा और इकरारनामा हो चुका था। इसके बावजूद इन तथ्यों को छिपाकर जमीन को पूर्व के बैनामा और इकरारनामा से मुक्त दर्शाया गया।
आरोप है कि 20 अक्टूबर 2023 को फर्जी एवं कूटरचित स्टाम्प पेपर तैयार कर उक्त जमीन का हिब्बानामा/दानपत्र अपने पुत्र राजकुमार सिंह के नाम निष्पादित करा दिया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 356/2026 के तहत धारा 318(4), 338, 336(3) और 340(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की।
इसी क्रम में रविवार को उपनिरीक्षक चंद्रशेखर सिंह पुलिस टीम के साथ अभियुक्त की तलाश में निकले थे। सूचना के आधार पर पुलिस ने मड़ना पुलिया के पास सुबह 11:15 बजे कपिलनाथ सिंह (58) पुत्र स्व. रामगति सिंह निवासी अरुषा, थाना अहरौला को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ अहरौला थाने में दर्ज जमीन धोखाधड़ी के मुकदमे के अलावा अयोध्या कोतवाली में वर्ष 2024 में धारा 323, 498ए भादवि तथा 3/4 डीपी एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक चंद्रशेखर सिंह, कांस्टेबल विनोद कुमार यादव और कांस्टेबल लोकेश प्रताप सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *