






अतरौलिया आशीष कुमार निषाद (आजमगढ़)।
ज्येष्ठ माह के पावन ‘बड़ा मंगलवार’ के अवसर पर अतरौलिया क्षेत्र में भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। जयसवाल त्रिमुहानी सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित प्रसाद वितरण कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और सभी ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम के दौरान भगवान बजरंगबली के पूजन-अर्चन के साथ विशेष भोग अर्पित किया गया। पूरे आयोजन स्थल पर भक्ति का माहौल रहा और “जय श्री राम” व “जय बजरंगबली” के जयघोष से वातावरण गूंज उठा।
समिति के सदस्य प्रदीप कुमार जायसवाल ने बताया कि ज्येष्ठ माह में पड़ने वाले सभी आठ मंगलवार को यह विशेष आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक मंगलवार को बजरंगबली की पूजा के साथ अलग-अलग प्रकार के भोग लगाकर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन आस्था, सेवा और समाज को जोड़ने की भावना से प्रेरित है।
वहीं, सचिन जायसवाल ने बताया कि पहले इस तरह के कार्यक्रम अन्य स्थानों पर आयोजित होते थे, लेकिन अब स्थानीय स्तर पर ही श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस परंपरा की शुरुआत की गई है, जिससे अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल हो सकें।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने समिति के इस प्रयास की सराहना की और इसे सामाजिक एकता का प्रतीक बताया। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से आगामी मंगलवारों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
इस मौके पर प्रदीप कुमार जायसवाल, सचिन जायसवाल, राजेश जायसवाल, विशाल जायसवाल, दिव्यांश जायसवाल, रामकरण जायसवाल, अंकित यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
