आजमगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुठभेड़ में ट्रैक्टर-पिकअप चोरी गैंग का शातिर बदमाश घायल, साथी गिरफ्तार

Uncategorized

आजमगढ़: तरवां थाना क्षेत्र में आजमगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना तरवां पुलिस और SOG टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-पिकअप चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गैंग के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया। इस दौरान पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी मौके से पकड़ लिया गया। पुलिस ने चोरी का ट्रैक्टर, पिकअप वाहन, अवैध तमंचा, कारतूस, छह बोरी अनाज और नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 2 मई 2026 को मौलानीपुर निवासी पूनम गिरी ने थाना तरवां में तहरीर देकर बताया था कि 1 मई की रात उनके घर के बाहर खड़ा ट्रैक्टर चोरी हो गया। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
रात में घेराबंदी, फिर हुई मुठभेड़
11/12 मई की रात थाना तरवां पुलिस और SOG टीम बोगरिया बाजार में संदिग्ध वाहन और अपराधियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि चोरी का ट्रैक्टर और पिकअप लेकर बदमाश कंचनपुर से बोगरिया मार्ग की ओर आ रहे हैं तथा उनके पास अवैध हथियार भी हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने बांसगांव तिराहे पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक पिकअप और उसके पीछे ट्रैक्टर आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो पिकअप चालक भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया।
इसी दौरान ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर भागने लगा और पीछा करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की नियंत्रित फायरिंग में बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान विनोद उर्फ सिंटू निवासी मीरपुर थाना बहरियाबाद जनपद गाजीपुर के रूप में हुई।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से —
एक तमंचा 315 बोर
एक खोखा कारतूस
एक जिंदा कारतूस
चोरी का ट्रैक्टर
एक पिकअप वाहन
छह बोरी अनाज
4500 रुपये नकद
बरामद किए हैं। घायल बदमाश को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तरवां भेजा गया।
पूछताछ में कई चोरी की घटनाओं का खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका एक संगठित गैंग है, जो अलग-अलग जिलों में वाहन और सामान चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। चोरी के बाद सामान बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे।
गिरफ्तार बदमाशों ने स्वीकार किया कि मौलानीपुर से ट्रैक्टर चोरी करने के अलावा देवगांव क्षेत्र से गेहूं लदी गाड़ी चोरी की थी। इसके साथ ही होली से पहले पल्हना बाजार की एक परचून दुकान में चोरी करने की बात भी कबूल की।
कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे
घायल बदमाश विनोद उर्फ सिंटू पर वाराणसी, गाजीपुर, देवरिया और प्रयागराज समेत कई जिलों में चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। वहीं उसके साथी अमित कुमार उर्फ धासू पर भी आजमगढ़ में कई आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तरवां में धारा 109(1) बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *