आजमगढ़ में ATS की बड़ी कार्रवाई, दो युवक हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए प्रयागराज रवाना, स्थानीय पुलिस ने एक की पुष्टि की

Uncategorized

आज़मगढ़। जिले में गुरुवार को आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। एटीएस टीम ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। दोनों युवकों पर सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध अकाउंट्स के संपर्क में रहने का शक जताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक निजामाबाद थाना क्षेत्र के खुदादादपुर गांव निवासी मोहम्मद अहमद तथा सरायमीर थाना क्षेत्र के पठान टोला निवासी आजम सैफी को एटीएस टीम अपने साथ ले गई। बताया जा रहा है कि मोहम्मद अहमद गुरुवार सुबह अपनी दुकान पर मौजूद था, तभी अचानक पहुंची टीम ने उससे पूछताछ की और बाद में हिरासत में लेकर रवाना हो गई।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार जांच एजेंसियों को इन युवकों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर लंबे समय से संदेह था। बताया जा रहा है कि दिल्ली से मिले इनपुट के बाद एटीएस ने यह कार्रवाई की। शुरुआती जांच में व्हाट्सएप समेत अन्य प्लेटफॉर्म के जरिए कुछ संदिग्ध विदेशी हैंडल्स से संपर्क की बात सामने आने की चर्चा है।
सूत्रों का कहना है कि दोनों युवकों को आगे की पूछताछ के लिए प्रयागराज ले जाया गया है। वहीं जिले के कुछ अन्य युवकों की गतिविधियां भी जांच एजेंसियों के रडार पर बताई जा रही हैं। एटीएस की कार्रवाई के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
फरिहां चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा ने बताया कि मोहम्मद अहमद को एटीएस द्वारा पूछताछ के लिए ले जाने की सूचना मिली है। हालांकि मामले में अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे मामले की गहनता से पड़ताल कर रही हैं और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *