


जनपद आजमगढ़ में पोस्टमार्टम प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष एवं साक्ष्य-आधारित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुधवन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर), आजमगढ़ द्वारा थाना कोतवाली क्षेत्रांतर्गत पुलिस चौकी बलरामपुर में नवनिर्मित पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी सेल का विधिवत उद्घाटन किया गया। उक्त अवसर पर शुभम तोदी, क्षेत्राधिकारी नगर एवं यादवेन्द्र पाण्डेय, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सहित अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे। इस सेल के माध्यम से अब सभी पोस्टमार्टम प्रक्रियाओं की पूर्ण वीडियोग्राफी कर डिजिटल रूप में सुरक्षित संरक्षित किया जाएगा। विशेष रूप से दहेज मृत्यु, पुलिस अभिरक्षा में मृत्यु तथा अन्य संदिग्ध/संवेदनशील मामलों में यह व्यवस्था साक्ष्यों की विश्वसनीयता को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी। वीडियो रिकॉर्डिंग के सुरक्षित संरक्षण एवं आवश्यकतानुसार न्यायालय अथवा संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराने की समुचित व्यवस्था इस सेल के माध्यम से सुनिश्चित की गई है। इससे जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी तथा किसी भी प्रकार के विवाद अथवा संदेह की संभावना न्यूनतम होगी। यह पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी सेल अत्याधुनिक कंप्यूटर सिस्टम एवं आधुनिक डिजिटल उपकरणों से सुसज्जित है, जिससे रिकॉर्ड का सुरक्षित एवं व्यवस्थित डिजिटल संधारण किया जा सकेगा। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) द्वारा सेल में तैनात पुलिस कर्मियों को तकनीकी दक्षता, सतर्कता एवं साक्ष्यों की गोपनीयता बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपयोग में लाए जा रहे अत्याधुनिक उपकरण में
◆लैपटॉप
◆हार्ड डिस्क
◆पेन ड्राइव
◆हाई-डेफिनेशन (HD) कैमरा
◆ट्राइपॉड स्टैंड
◆अन्य आवश्यक सहायक उपकरण शामिल है। उपरोक्त सभी उपकरण डिजिटल रिकॉर्डिंग एवं सुरक्षित संधारण हेतु उपयोग में लाए जाएंगे।
