



आजमगढ़ पटवध से बबलू राय: जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी से इनकार के बाद एक 17 वर्षीय किशोरी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना से पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना बिलरियागंज क्षेत्र के निवासी दहोमन राम (परिवर्तित नाम) की पत्नी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी 17 वर्षीय पुत्री प्रिया (परिवर्तित नाम) घर पर ही रहती थी। आरोप है कि पाती बुजुर्ग गांव निवासी शाकीब नामक युवक से उसकी बातचीत और मेलजोल था तथा दोनों के बीच शादी को लेकर बातचीत भी हुई थी।
बताया गया कि दिनांक 20 फरवरी 2026 को युवक शाकीब उनकी पुत्री को अपने साथ ले गया था। अगले दिन 21 फरवरी की भोर में युवक की माता लड़की को वापस उसके घर छोड़ गई। परिजनों के अनुसार, जब लड़की की ओर से शादी की बात उठाई गई तो युवक और उसके परिवार द्वारा शादी से इनकार कर दिया गया, जिससे किशोरी काफी आहत और मानसिक रूप से परेशान हो गई। परिजनों का कहना है कि उसी दिन दोपहर करीब 1 बजे लड़की ने अपने कमरे में साड़ी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष बिलरियागंज ने बताया कि FIR दर्ज कर मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।
