






आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा बावली मोड़ और करतालपुर के बीच स्थित राजघाट के समीप हुआ, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग एकत्र हो गए।
मृतक की पहचान विशाल मौर्य (पुत्र स्वर्गीय अवधेश मौर्य), निवासी बड़ी हरैया, भंवरनाथ, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
रिपोर्ट: बबलू राय
