
आजमगढ़ के बिलरियागंज थाने में तैनात एक दरोगा पर दबंगई और गुंडई करने का आरोप लगाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। शुक्रवार दोपहर वायरल हुआ यह वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। वीडियो में एक व्यक्ति खुद को भाजपा जिलाध्यक्ष की टीम का जिला मंत्री बताते हुए बिलरियागंज थाने में तैनात दरोगा संतोष सिंह यादव पर गंभीर आरोप लगाता नजर आ रहा है।
वायरल वीडियो में व्यक्ति बार-बार दरोगा पर दबंगई और गुंडई करने का आरोप लगाते हुए अपनी बात रख रहा है। बताया जा रहा है कि पुलिस की गाड़ी और उसकी कार में टक्कर होने के बाद विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई थी। आरोप है कि इसके बाद दरोगा आगबबूला हो गए और उनके साथ अभद्रता व दबंगई की गई।
हालांकि वायरल वीडियो कब का है और इसे किस स्थान पर बनाया गया, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति किस घटना के संदर्भ में दरोगा पर आरोप लगा रहा है, इसकी भी आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचा।
पुलिस प्रशासन के उच्चाधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी पुलिसकर्मी की भूमिका दोषपूर्ण पाई जाती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
