शादी का झांसा देकर छह साल तक शोषण करने के आरोप में दो गिरफ्तार, निजामाबाद और मेंहनगर पुलिस की कार्रवाई, शादी से मुकरने पर धमकी देने का भी आरोप

Uncategorized

आजमगढ़। शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने और शादी के लिए दबाव बनाने पर धमकी देने के आरोप में निजामाबाद और मेंहनगर पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में मुकदमा दर्ज था। पुलिस ने कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायालय में पेश कर दिया।
निजामाबाद थाना क्षेत्र में पीड़िता की तहरीर पर पूनापोखर, थाना सरायमीर निवासी विजय प्रकाश सोनकर पुत्र स्व. जुल्मी सोनकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि आरोपी करीब छह वर्षों से उसे शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। जब उसने आरोपी से शादी करने के लिए कहा तो उसे धमकी दी गई।
इस मामले में निजामाबाद थाने में मु0अ0सं0 224/2026 के तहत धारा 69, 89, 351(3), 352 बीएनएस तथा धारा 5L/6 पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। शुक्रवार को उपनिरीक्षक कमला प्रसाद ने हमराह हेड कांस्टेबल हौसिला नन्द यादव और कांस्टेबल कृष्ण चन्द्र के साथ कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त विजय प्रकाश सोनकर को मुईया मोड़ के पास करीब 10:40 बजे गिरफ्तार कर लिया।
वहीं मेंहनगर थाना क्षेत्र में भी शादी का झांसा देकर करीब छह वर्षों तक शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। वादिनी की तहरीर पर पिलखुवा, थाना मेंहनगर निवासी अजीत उर्फ रुदल राजभर पुत्र नगीना राजभर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर करीब छह वर्षों तक शारीरिक शोषण किया। बाद में शादी से मुकरने पर वादिनी के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
इस मामले में मेंहनगर थाने में मु0अ0सं0 313/2026 के तहत धारा 69, 352, 351(3) बीएनएस में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। शुक्रवार को उपनिरीक्षक रामगोपाल त्यागी ने कांस्टेबल अब्दुल अहद के साथ कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त अजीत उर्फ रुदल राजभर को देवरिया मोड़ से करीब 11 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *