दरोगा भर्ती परीक्षा में प्रश्नों के जाल में उलझे रहे परीक्षार्थी, समय से पहले थम गई कई अभ्यर्थियों की चाल

Uncategorized

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा भर्ती की लिखित परीक्षा की पहली पाली शनिवार को सकुशल संपन्न हो गई। जिले में 12 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है। शनिवार और रविवार को दो-दो पालियों में परीक्षा होगी। परीक्षा में कुल 5040 अभ्यर्थियों को शामिल होना है। दो-दो घंटे के पेपर में 160 प्रश्न के सही विकल्प को चुनना था।
पहली पाली की परीक्षा के बाद बाहर निकले कई अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र अपेक्षा से थोड़ा उलझाऊ रहा। मल्टीपल चॉइस (बहुविकल्पीय) प्रश्नों के सही उत्तर ओएमआर शीट पर भरने थे, लेकिन गणित के कई सवालों में अधिक गणना करनी पड़ रही थी, जिससे समय ज्यादा लग रहा था। कई अभ्यर्थी समय प्रबंधन में फंसते नजर आए और निर्धारित समय में सभी प्रश्न हल करना चुनौती बन गया।
इसके अलावा रीजनिंग के प्रश्न भी उलझाने वाले रहे, वहीं सामान्य ज्ञान (जीके) के सवालों ने भी अभ्यर्थियों को खूब दिमाग लगवाया। परीक्षा केंद्रों से बाहर निकले अभ्यर्थियों में मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिली। अच्छी तैयारी करके आए अभ्यर्थियों ने संतुष्टि जताई, जबकि कुछ अभ्यर्थी यह कहते नजर आए कि अगर तैयारी और बेहतर होती तो प्रदर्शन भी बेहतर हो सकता था। बता दें कि आजमगढ़ में आसपास के जनपदों से अभ्यर्थियों को सेंटर दिया गया था। इसलिए देर रात से ही अभ्यर्थियों का अपने केंद्रों के आसपास पहुंचना शुरू हो गया था। सुबह से ही तमाम जगहों पर अभ्यर्थी डेरा लगाए थे। कड़ी सुरक्षा के बाद ही परीक्षा केंद्र में अंदर प्रवेश मिल पा रहा था। परीक्षा के दौरान भी तमाम औपचारिकताएं पूरी करनी पड़ रही थी। ओएमआर शीट की एक कॉपी परीक्षार्थियों को अपने पास रखनी थी वहीं मूल प्रति समेत दो प्रति जमा करानी थी। इस तरह की तमाम फॉर्मेलिटी से गार्डिंग करने वाले से लेकर अभ्यर्थी भी परेशान रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *