बोलेरो की टक्कर से छात्रा की मौत, दो छात्राएं गंभीर रूप से घायल, रेफर, तीनों छात्राएं जूनियर हाईस्कूल से पढ़ कर लौट रहीं थीं

Uncategorized

आजमगढ़। जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में जूनियर हाई स्कूल की एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पासीपुर–रसूलपुर नहर के पास शुक्रवार करीब 3 बजे जूनियर हाई स्कूल की छात्राएं स्कूल से पढ़कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान सामने से आ रही एक अज्ञात बोलेरो ने तीनों छात्राओं को टक्कर मार दी। हादसे में आरुषि (12 वर्ष) पुत्री हरेंद्र निवासी पासीपुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संजना (11 वर्ष) पुत्री रमेश निवासी पासीपुर और रोशनी (10 वर्ष) पुत्री फूलचंद निवासी लहरपार गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही कप्तानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल छात्राओं को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
बताया जा रहा है कि मृतक छात्रा आरुषि तीन बहनों में सबसे बड़ी थी और परिवार में कोई भाई नहीं है। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है तथा मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *