






आजमगढ़। कप्तानगंज थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई चोरी की कई घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी और एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया है। उनके पास से चोरी की तीन टुल्लू मोटर, एक ट्रैक्टर की बैटरी, एक साउंड बॉक्स और 360 रुपये नगद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार ग्राम ओरा निवासी हरेन्द्र मौर्य ने 13 मार्च को थाना कप्तानगंज में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके ट्रैक्टर से बैटरी चोरी कर ली है। इस मामले में पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया। इसी दिन सुमित कुमार ने घर से मोटर व साउंड बॉक्स चोरी होने की शिकायत की, जिस पर धारा 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।
इसके अलावा रमेश राय और सुरेन्द्र प्रजापति ने भी अपने घर से मोटर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई, जिन पर क्रमशः मु0अ0सं0 74/2026 और 75/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस ने जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान महिला उपनिरीक्षक सानिया गुप्ता ने साक्ष्य संकलन के आधार पर मोनू गौड़ पुत्र हीरालाल गौड़ निवासी ग्राम ओरा तथा एक बाल अपचारी का नाम प्रकाश में आने पर उनकी तलाश शुरू की।
शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत म0उ0नि0 सानिया गुप्ता, उ0नि0 राम निहाल वर्मा व पुलिस टीम ने दोनों को ओरा गेट के पास से करीब 2:35 बजे हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी की तीन टुल्लू मोटर, एक ट्रैक्टर बैटरी, एक साउंड बॉक्स और 360 रुपये नगद बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपी मोनू गौड़ का चालान कर उसे न्यायालय भेज दिया, जबकि बाल अपचारी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में म0उ0नि0 सानिया गुप्ता, उ0नि0 राम निहाल वर्मा, कांस्टेबल अखिलेश यादव, कांस्टेबल साजिद अली और कांस्टेबल इरफान अली शामिल रहे।
