दरोगा भर्ती परीक्षा में केंद्र पर तीन बायोमैट्रिक मशीन खराब मिलीं, सीसीटीवी मिला दुरुस्त, निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने दिए सख्त निर्देश, लापरवाही के प्रति चेताया

Uncategorized

कड़ी निगरानी का असर, निष्पक्ष परीक्षा की डगर
आजमगढ़, 14 मार्च। उत्तर प्रदेश उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, निर्विघ्न और सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के साथ शनिवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तथा डीएवी पीजी कॉलेज के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर बनाए गए सीसीटीवी कंट्रोल रूम का अवलोकन किया गया और परीक्षार्थियों के बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया के बारे में टीम से जानकारी ली गई।
डीएवी पीजी कॉलेज में निरीक्षण के दौरान 11 बायोमेट्रिक मशीनों में से तीन मशीनें खराब पाई गईं। इसके अलावा सीसीटीवी कंट्रोल रूम की भी जांच की गई। सभी परीक्षा कक्षों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे सक्रिय पाए गए। इसके बाद जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा कक्षों का भी निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि परीक्षा के दौरान सभी कक्षों में लगे सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रहने चाहिए और ड्यूटी में तैनात कर्मचारी लगातार उनकी निगरानी करते रहें। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरे मनोयोग से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर लगातार भ्रमणशील रहकर निगरानी बनाए रखें। जिलाधिकारी ने कक्ष निरीक्षकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की गंभीरता को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गम्भीर सिंह, सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट सहित केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *